Friday, 17 February 2012

बोनस अंक से जीता श्रीलंका

 
सिडनी। अनुशासित गेंदबाजी और चुस्त क्षेत्ररक्षण के दम पर ऑस्ट्रेलिया को 158 रन पर समेटने के बाद श्रीलंका ने कप्तान माहेला जयवर्घने के अर्घशतक के दम पर शुक्रवार को यहां वर्षाबाधित एकतरफा मुकाबले में डकवर्थ लुईस प्रणाली के आधार पर बोनस अंक के साथ आठ विकेट से जीत दर्ज की। 

श्रीलंका की त्रिकोणीय एकदिवसीय क्रिकेट शृंखला में यह पहली जीत है। पहले बल्लेबाजी करने वाली ऑस्ट्रेलियाई टीम की पारी के 26वें ओवर में बारिश आने के कारण मैच 41 ओवर प्रति टीम कर दिया गया। ऑस्ट्रेलिया 40.5 ओवर में 158 रन पर आउट हो गया। 
श्रीलंका ने जीत के लिए 152 रन का संशोधित लक्ष्य 24.1 ओवर में सिर्फ दो विकेट खोकर हासिल कर लिया। श्रीलंका के लिए कप्तान जयवर्घने ने 67 गेंद में पांच चौकों की मदद से नाबाद 61 रन बनाए। दिलशान ने 45 और कुमार संगकारा ने 30 रन की पारी खेली।

इससे पहले अंकतालिका में भारत के बाद दूसरे नंबर पर काबिज ऑस्ट्रेलिया के लिए कोई बड़ी साझेदारी नहीं बना सका। ऑस्ट्रेलियाई पारी की सबसे बड़ी 49 रन की साझेदारी डेविड हसी (58) और दसवें नंबर के बल्लेबाज मिशेल स्टार्क (नाबाद 17) ने नौवें विकेट के लिए की। 

हर हाल में चाहिए थी जीत
हमारे गेंदबाज अलग-अलग हालात में अच्छा प्रदर्शन कर सकते हैं। वे हालात के अनुकूल खुद को ढालने में सक्षम हैं। दो कैच छूटने के बाद मुझे लगा कि हम पहले तीन मैचों की स्थिति में पहुंच जाएंगे, लेकिन हमने वापसी की। हमें अच्छी शुरूआत चाहिए थी। मैं पहले भी यहां पारी की शुरूआत कर चुका हूं। यह अच्छा फैसला था और कारगर साबित हुआ। हमें हर हालत में यह मैच जीतना था। 
माहेला जयवर्धने, श्रीलंकाई कप्तान 

No comments:

Post a Comment

Search This Blog

Followers

Blog Archive